
हजारीबाग। हजारीबाग के कानी बाजार में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 12 से 15 लाख रुपए के गहने और नकदी ले गए। घटना सोमवार देर रात की है। मकान बरही एसडीओ कार्यालय में पदस्थापित कर्मी मयंक पांडेय का है। पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।मयंक पांडेय नौकरी के सिलसिले में ज्यादातर समय बरही में रहते हैं। इसलिए हजारीबाग स्थित उनके मकान में आना-जाना कम था और घर बंद रहता था। चोरों ने देर रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी और लॉकर तोडकर सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।



सुबह घर में काम करने वाली मेड वहां पहुंची। उसने दरवाजे का टूटा ताला देखकर मयंक पांडेय और आसपास के लोगों को सूचना दी। मकान मालिक के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, 12 से 15 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है। सामान का पूरा मिलान होने के बाद राशि बढ़ सकती है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट और अन्य भौतिक सबूत जुटाए। डॉग स्क्वॉयड की मदद से चोरों के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

