
नई दिल्ली। AISA प्रेसिडेंट नेहा बोरा के ब्राह्मणवाद से आजादी वाले बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। एक तरफ बीजेपी ने इस पूरे मुद्दे को लेकर विपक्ष और राहुल गांधी पर तंज कसा। वहीं दूसरी ओर INDI गठबंधन में भी इस बयान लेकर दरार साफ दिखने लगी। कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी समाजवादी पार्टी और शिवसेना (UBT) ने नेहा बोरा के इस बयान पर आपत्ति जताई है।



उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने नेहा बोरा की बयानबाजी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, ‘इतना बड़ा बयान देना ठीक नहीं है। हर धर्म में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं, हमें ऐसे आम बातें नहीं करनी चाहिए.. हमें उनसे बचना चाहिए। BJP यही चाहती है; हम उनके जाल में क्यों फंसें?’
राजीव राय ने आगे कहा, ‘आज के समय में जिस तरह की बयानबाजी हो रही है, वह बिल्कुल मंजूर नहीं है। इसका कोई आधार नहीं है। हमें किसी जाति, समुदाय, धर्म या इलाके के बारे में कोई आम राय नहीं बनानी चाहिए।’
वहीं शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ‘ये बेहद निंदनीय है। भले ही यह पुराना वीडियो हो, लेकिन यह एक ऐसी सोच को दर्शाता है जो हर चीज को जाति और धर्म के चश्मे से देखती है। मैं खुद एक ब्राह्मण महिला हूं और सवाल पूछना चाहती हूं कि क्या इस तरह की अपमानजनक भाषा सही है? चाहे लेफ्ट विंग की कट्टरता हो या राइट विंग की, दोनों ही देश के लिए घातक हैं।’
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि नेहा बोरा युवा और प्रतिभाशाली हैं, और वे उनके साथ बैठकर उन्हें समझाना चाहेंगी कि अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करें।
BJP ने राहुल गांधी पर कसा तंज : सोशल मीडिया पर नेहा बोरा का यह वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल साइट X पर नेहा बोरा को राहुल गांधी की हिंदू विरोधी राजनीति की पोस्टर गर्ल बताया। भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके करीबी छात्र नेता हिंदू विरोधी नफरत फैला रहे हैं। भंडारी ने कहा, ‘राहुल गांधी की पोस्टर गर्ल नेहा बोरा अपनी हिंदू नफरत दिखाती हैं, वह राहुल गांधी से प्रेरित हैं, जिन्होंने पहले कहा था कि मंदिरों में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है।’उन्होंने लिखा, ‘कांग्रेस हिंदुओं से नफरत और वोट बैंक से प्यार करती है। कांग्रेस सोच भारत की एकता के लिए खतरा है।’
सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद इस बात पर सियासी बवाल मच गया। हालांकि क्लिप पर कोई तारीख नहीं है और बोरा ने किन हालात में ये कमेंट किए, इसकी भी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

