
नई दिल्ली,। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले दो दिनों में चार राज्यों का दौरा करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। सिक्किम, पश्चिम बंगाल और बिहार होते हुए वे उत्तर प्रदेश आयेंगे।
प्रधानमंत्री गुरुवार (29 मई) को सिक्किम का दौरा करेंगे। वे सुबह ह्यसिक्किम@50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को बढ़ावा देती है कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे सिक्किम में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।



इसके बाद प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। यहां वे अलीपुरद्वार में दोपहर अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री बिहार का भी दौरा करेंगे और शाम को पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।
30 मई को बिहार के काराकाट में सुबह प्रधानमंत्री 48,520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। वे एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे जहां वे दोपहर कानपुर नगर में करीब 20,900 करोड़ रुपए की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वे एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

