
पटना । बिहार के बाहुबली और छोटे सरकार कहे जाने वाले अनंत सिंह के पटना आवास पर बुधवार को हलवाई बैठे। एक साथ कई बड़े बर्तनों में 50 हजार रसगुल्ले तैयार किए गए। इस दौरान रसगुल्लों की खुशबू से हार्डिंग रोड में अनंत सिंह के आवास के पास का इलाका महक उठा। ये रसगुल्ले गुरुवार को बांटे जाएंगे।



दरअसल आज यानी गुरुवार को पटना स्नातक एमएलसी सीट के लिए जन सुराज उम्मीदवार और अनंत सिंह समर्थित अनुज सिंह पर्चा दाखिल कर रहे हैं। उनके नॉमिनेशन में ये सारे रसगुल्ले बांट दिए जाएंगे। जो भी नॉमिनेशन में शामिल होंगे उन्हें ‘बाहुबली रसगुल्ले’ खिलाए जाएंगे। अनुज सिंह के नामांकन में नजर आने वाले हर शख्स, चाहे वो आम आदमी ही क्यों न हो, उसे विधायक अनंत सिंह के आवास पर बने रसगुल्ले खिलाए जाएंगे।
हालांकि ये कोई नई बात नहीं है। पहले भी नतीजों से पहले प्रत्याशी अपने आवास पर भोज की तैयारी करते रहे हैं। इस बार फर्क सिर्फ इतना है कि भोज नॉमिनेशन के दिन ही दे दिया जाएगा। अनंत सिंह ने तो खुल्लमखुल्ला ऐलान कर दिया है कि वो अपनी ही पार्टी के कैंडिडेट नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं और उन्हें हराए बिना चैन से नहीं बैठेंगे। जन सुराज के टिकट देने से पहले ही अनंत सिंह ने डॉ अनुज सिंह का समर्थन कर दिया था।
अनंत-नीरज के बीच सुलह भी बेकार : एक रिपोर्ट के मुताबिक इस सियासी जंग की शुरुआत में ही जदयू की टॉप लीडरशिप ने अनंत सिंह और नीरज कुमार को एक जगह बिठाकर सुलह की कोशिश भी की थी। लेकिन वो कवायद भी बेकार गई। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह वाली बातचीत पूरी तरह से बेनतीजा निकली। दोनों नेताओं को पटना बुलाकर ये कोशिश की गई थी।
ये पार्टी का चुनाव थोड़े है: अनंत सिंह
अनंत सिंह ने यहां तक कहा कि ये चुनाव पार्टी के सिंबल पर थोड़े ही लड़ा जाता है। इसलिए ये कहना कि वो जदयू के अंदर रहकर पार्टी का विरोध कर रहे हैं, गलत है। इसके बाद अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई थी। नीरज कुमार ने फिर से अनंत सिंह को पुदीना सिंह कह कर उन्हें और भड़का दिया। फिर तो अनंत सिंह ने अपने आवास पर अनुज सिंह को बुलाकर सियासी जंग का सीधा ऐलान कर दिया। अब बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। नतीजे 27 अक्टूबर को आएंगे। ऐसे में पटना स्नातक सीट इस चुनाव की सबसे हाई प्रोफाइल सीट बन गई है, जिसके रिजल्ट का सबको इंतजार है।

