
कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा के बीजपुर में गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार टीएमसी नेता अभिजीत राय उर्फ बनी को कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया। उस समय उसके शरीर पर केवल गंजी और हाफ पैंट थी। आरोपित को देखते ही स्थानीय लोगों का एक वर्ग चोर-चोर के नारे लगाने लगा। स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेता पर वसूली, अवैध कब्जे और असामाजिक गतिविधियां चलाने का आरोप लगाया।पुलिस ने शनिवार रात भ्रष्टाचार के आरोप में मंदारमणि से टीएमसी के इस युवा नेता को गिरफ्तार किया था। जांच के सिलसिले में पुलिस उसे कांचरापाड़ा के विभिन्न इलाकों में लेकर गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले हावड़ा में भी तीन आरोपितों को कमर में रस्सी बांधकर घुमाया गया था। पुलिस का कहना था कि अपराधियों को सख्त संदेश देने के लिए यह कदम उठाया गया था।बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रायदीघी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कौतला ग्राम पंचायत में आवास योजना के तहत घर दिलाने के बदले कटमनी लेने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस की ग्राम प्रधान के पति की गांव की महिलाओं ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि कौतला ग्राम पंचायत की प्रधान जमुना हलदार के पति बाप्पा हलदार ने आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से प्रति घर पांच हजार रुपये वसूले थे। बाप्पा बुधवार को जब इलाके से गुजर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और कटमनी की रकम वापस करने की मांग करने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान माहौल अचानक गरमा गया और महिलाओं ने बाप्पा पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। स्थिति बिगड़ती देख वह किसी तरह वहां से भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की प्रधान जमुना हलदार जरूर हैं, लेकिन पंचायत का पूरा कामकाज उनके पति बाप्पा ही देखते थे।
