गोपालगंज । बिहार के गोपालगंज जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात वाहन जांच के दौरान शराब तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक दारोगा घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक कथित शराब तस्कर के जबड़े में गोली लग गई। घायल तस्कर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है।

घटना श्रीपुर थाना क्षेत्र के बंशी बतरहा गांव के समीप की है। जानकारी के अनुसार, श्रीपुर पुलिस उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में शराब की खेप लेकर तस्कर गोपालगंज की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बंशी बतरहा गांव के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया। बताया जाता है कि वाहन की तलाशी के लिए जैसे ही ड्यूटी पर तैनात दारोगा संतोष कुमार स्कॉर्पियो के पीछे पहुंचे, वाहन में सवार तस्करों ने अचानक स्कॉर्पियो को बैक गियर में तेज गति से दौड़ा दिया। इससे दारोगा संतोष कुमार वाहन की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद तस्कर मौके से भागने लगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भागने के दौरान स्कॉर्पियो में सवार एक तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के भरथरी गांव निवासी किशन कुमार के जबड़े में गोली लग गई।

पुलिस का आरोप है कि किशन कुमार ने ही वाहन से दारोगा को घायल किया और पुलिस पर गोलीबारी की। घायल दारोगा और आरोपी तस्कर को पहले फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।बाद में किशन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच भेजा गया। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बता दें कि श्रीपुर और फुलवरिया थाना क्षेत्रों में पहले भी शराब तस्करों और पुलिस के बीच टकराव की घटनाएं सामने आती रही हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version