नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी जनसभा में कहा कि पांच फरवरी को दिल्ली में विकास का नया ‘बसंत’ आएगा। भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, ‘यह नोट कर लीजिए कि आठ फरवरी को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी और आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से महिलाओं को 2500 रुपये मिलने लगेंगे।’ उन्होंने यह भी कहा कि जब मोदी कोई गारंटी देता है तो उसे पूरा करने में अपना दिल, दिमाग और आत्मा लगा देता है।

बजट में की गयी घोषणाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की आजादी के बाद से 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वालों को इतनी बड़ी राहत कभी नहीं मिली। मध्य वर्ग कह रहा है कि यह भारत के इतिहास में उनके लिए सबसे अनुकूल बजट है। केंद्रीय बजट से हर औसत परिवार को खुशी मिली है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने केवल अपना खजाना भरने के लिए कर लगाया, लेकिन भाजपा सरकार ने लोगों की क्षमताएं बढ़ाने के लिए अपना खजाना खोल दिया।

लूटने वालों को देना होगा हिसाब : दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि उसकी नीतियों के कारण कारखाने बंद हो रहे हैं और जिन्होंने लोगों को लूटा है, उन्हें इसका हिसाब देना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर ‘आप-दा’ है जो झूठे वादों के साथ खड़ी है, जबकि दूसरी ओर ‘मोदी की गारंटी’ है। प्रधानमंत्री ने आप के कुछ विधायकों के भाजपा में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा, ‘आप-दा की सरकार दिल्ली में गलती से भी नहीं आनी चाहिए, क्योंकि इससे यहां के अगले पांच साल बर्बाद हो जाएंगे। हम देख रहे हैं कि दिल्ली चुनाव से पहले किस तरह से झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं।’ मोदी ने आम आदमी पार्टी के दावों पर निशाना साधते हुए लोगों से कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर दिल्ली में कोई झुग्गी नहीं गिराई जाएगी और कोई भी कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version