मुस्तफा/जिया सिंहरांची(मेसरा)। जब जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और सिस्टम की लाचारी हद से पार हो गई, तो केदल पंचायत की जनता ने मंगलवार सुबह से खुद ही मोर्चा संभाल लिया। बीआईटी मेसरा मोड़ स्थित निर्मल महतो चौक के पास पिछले दो वर्षों से गड्ढों में तब्दील मुख्य सड़क को स्थानीय लोगों ने निजी कोष से पीसीसी ढलाई कराकर दुरुस्त कर दिया।

विधायक और सांसद के खिलाफ भारी आक्रोश :

विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले स्थानीय विधायक और सांसद के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। थक-हारकर लोगों ने आपस में फंड जुटाया और खुद खड़े होकर सड़क निर्माण पूरा कराया। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना स्कूल-कॉलेज के बच्चे,व्यावसायिक वाहन और कई कॉलोनियों के लोग गुजरते हैं। आए दिन हो रहे हादसों और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से तंग आकर ग्रामीणों ने कहा,हम कब तक नेताओं के झूठे आश्वासनों और हादसों के भरोसे बैठे रहते। जब सिस्टम ने मुंह मोड़ लिया,तो हमने अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठा ली। यह सामूहिक प्रयास सोए हुए प्रशासन के मुंह पर करारा तमाचा है।

इन्होंने दिया योगदान :

जनहित के इस कार्य को धरातल पर उतारने में वरिष्ठ समाजसेवी मनरखन महतो,जिप सदस्य संजय कुमार महतो,मुखिया आर मुंडा,जेएलकेएम प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र महतो, चंदन महतो, विवेक महतो, राजेश मिश्रा, अजय कुमार सिंह, मुकेश कुमार,महमूद अंसारी, चुन्नीलाल महतो, विनोद महतो,अताउल्लाह अंसारी, शंकर कुमार महतो और रुपेश कुमार सहित क्षेत्र के कई प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर आर्थिक और शारीरिक सहयोग दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version