
पटना। पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उनके कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) में हुई तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग की घटना के बाद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही खान सर से भी पूछताछ की जा सकती है। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। घटना मंगलवार देर रात की है, जब कुछ लोगों ने कथित तौर पर खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और पथराव किया। शुरुआती बयान में खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग की है। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय संस्थान में तैनात दो सुरक्षा गार्डों ने राइफल से हवाई फायरिंग की थी। सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गार्डों ने स्वीकार किया कि उन्होंने तोड़फोड़ और हमले से बचाव के लिए हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने उनके हथियार जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।पुलिस ने इस मामले में दहशत फैलाने और अवैध रूप से हथियारों के इस्तेमाल को लेकर अलग से एफआईआर दर्ज की है। वहीं, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दूसरी ओर, विरोधी पक्ष ने आरोप लगाया है कि पूरी घटना की साजिश खुद खान सर ने रची थी और फायरिंग की कहानी गढ़ी गई थी।पटना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, जब्त हथियारों की फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक जिम्मेदार कौन है।




