रांची। उद्योग संगठन कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की झारखंड स्टेट काउंसिल के लिए वर्ष 2026–27 के नए पदाधिकारियों का चुनाव मंगलवार को किया गया। सीआईआई झारखंड की हुई वार्षिक बैठक में इसकी घोषणा की गई।

बैठक में दिलू पारिख को वर्ष 2026–27 के लिए सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि डीबी सुंदर रामम को उपाध्यरक्ष चुना गया। दिलू पारिख वैदेही मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उनका पारिवारिक व्यवसाय ऑटोमोबाइल डीलरशिप से जुड़ा है, जिसमें मर्सिडीज-बेंज की यात्री कारों और टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों की डीलरशिप शामिल है। वे लंबे समय से सीआईआई से जुड़े रहे हैं और संगठन में कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं।

इसके पूर्व वे सीआईआई जमशेदपुर जोन के जोनल चेयरमैन और सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन भी रह चुके हैं। उन्होंने उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास की पहलों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। वहीं, डीबी सुंदर रामम वर्तमान में टाटा स्टील में उपाध्यसक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने वर्ष 1990 में एनआइटी राउरकेला माइनिंग इंजीनियरिंग में बीएससी (इंजीनियरिंग) की पढ़ाई पूरी की और उसी वर्ष टाटा स्टील में ग्रेजुएट ट्रेनी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। करीब 35 वर्षों के अनुभव के दौरान उन्होंने टाटा स्टील के रॉ मटेरियल्स और फेरो एलॉयज़ डिवीजन की कोयला और लौह अयस्क खदानों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। सीआईआई झारखंड के नए नेतृत्व से राज्य में उद्योग, निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version