
लखनऊ/अयोध्या । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्हीं लोगों ने अयोध्या के पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था।अयोध्या में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, इन्होंने अयोध्या में हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था।” उन्होंने आगे कहा, “आप सोचिए, क्या कोई जामा मस्जिद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा। क्या सरकारें ऐसा करवा पाएंगी। क्या कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ऐसा करवा पाएगी। अगर नहीं करवा पाएगी, तो फिर यह पाप क्यों करवाया गया था। अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर यह पाप क्यों करवाया गया था।” मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इस मुद्दे को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए विपक्षी दलों की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आस्था के प्रतीकों का सम्मान होना चाहिए और ऐसे कार्य स्वीकार्य नहीं हो सकते।

