
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी सिर्फ दो गाड़ियों के काफिले में घर से निकले और कैबिनेट मीटिंग में पहुंचे। एक कार में पीएम नरेंद्र मोदी अपने स्टाफ के साथ थे तो वहीं दूसरी कार में एसपीजी से जुड़े लोग मौजूद थे। पीएम नरेंद्र मोदी की इस पहल को खुद मिसाल पेश करने के तौर पर देखा जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी अपने घर से सिर्फ दो गाड़ियों के साथ ही निकले। इस तरह अपील करने के बाद पेट्रोल और डीजल बचाने की दिशा में पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद मिसाल कायम करके संदेश दिया है। एक गाड़ी में वह खुद निकले तो वहीं दूसरे वाहन में उनकी सुरक्षा में तैनात एसपीजी के लोग सवार थे। वह इन दो गाड़ियों के काफिले में सवार होकर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पहुंचे थे।इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में एक आयोजन को संबोधित करते हुए अपील की थी कि पेट्रोल और डीजल की बचत करने की जरूरत है। उनका कहना था कि देशवासियों को ईंधन का समझदारी से इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा एक साल तक सोने की खरीद भी न करने की अपील उन्होंने की थी। पीएम मोदी की अपील के बाद केंद्र सरकार के मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपना काफिला घटा दिया है। इसके अलावा तमाम बैठकों को आॅनलाइन ही करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ऐसे फैसले लिए हैं।यही नहीं पीएम मोदी की अपील के बाद तमाम तरह के कयासों का भी दौर जारी रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि आने वाले दिन कुछ पाबंदियों वाले हो सकते हैं तो वहीं एक वर्ग का मानना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हो सकता है और सरकार उसकी तैयारी कर रही है। ऐसे कयासों को तब और बल मिला, जब मंगलवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को ज्यादा समय तक रोक कर नहीं रखा जा सकता। उनका कहना है कि हर दिन पेट्रोलियम कंपनियों को कच्चे तेल की बढ़ी कीमत के तहत 1000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति लंबे समय तक जारी नहीं रखी जा सकती।




