रांची। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राम ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार कैसा काम कर रही है, यह सब लोग जानते हैं। हम सभी हेमंत सोरेन की सरकार को हटाकर यहां भाजपा के नेतृत्व में अच्छी सरकार बनाने के लिए कटिबद्ध हैं।

कमलेश ने कहा कि झारखंड को बचाने के लिए हमें एकजुट रहना है। बिखरना नहीं है। अभी समय भाजपा को मजबूत करने का है। राज्यहित और पार्टी हित को देखते हुए मैंने कांके विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। कमलेश राम रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

कमलेश ने कहा कि भाजपा ही झारखंड को संभाल और संवार सकती है। राज्य का तेजी से विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए तेजी से पांव पसार रहे हैं। यह झारखंड और झारखंडवासियों के लिए चिंता की बात है। हेमंत सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को आमंत्रित कर रही है। उन्हें शरण दे रही है। भाजपा ही बांग्लादेशी घुसपैठियों से झारखंड को मुक्त करा सकती है। झारखंडियों को उसका हक दिला सकती है। घुसपैठियों के झारखंड में आने पर प्रतिबंध लगा सकती है। ऐसी स्थिति में भाजपा को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर कांके विधानसभा क्षेत्र की हर समस्या का समाधान होगा। यह आश्वासन भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में किसान, आदिवासी, दलित, गरीब, मजदूर का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने जनता से भाजपा की सरकार बनाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version