जमशेदपुर। शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर शनिवार को जमशेदपुर के उलियान में श्रद्धांजलि सभा और आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। उन्होंने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार झारखंड के विकास और यहां के लोगों के हित में लगातार काम कर रही है, लेकिन विपक्ष विकास की राह में रोड़े अटकाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो ने संघर्ष के लंबे दौर में कभी हार नहीं मानी और आगे भी चुनौतियों से पीछे नहीं हटेगा। सरकार झारखंड के जनमानस के अनुरूप ऐसी मजबूत नींव तैयार करने में जुटी है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के आदिवासी और मूलवासी समाज को एकजुट करने तथा उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका बलिदान झारखंड आंदोलन के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि “सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो तेरा नाम रहेगा” जैसे नारे आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं और यही शहीदों की जीवंत विरासत है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के आंदोलन में अनगिनत लोगों ने अपना जीवन और समय समर्पित किया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान और एकता के पीछे इन वीरों का अहम योगदान है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य गठन के बाद भी आदिवासी-मूलवासी हितों के खिलाफ काम करने वाली ताकतें सक्रिय रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों के खिलाफ झामुमो ने लगातार संघर्ष किया है। जनता के आशीर्वाद से पार्टी को फिर राज्य को दिशा देने का अवसर मिला है और सरकार अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि विरोधी चाहे जितनी बाधाएं उत्पन्न करें, झामुमो सरकार विकास की गति को रुकने नहीं देगी। झारखंड की मजबूत नींव तैयार करना और राज्य के लोगों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद निर्मल महतो के विचार और आदर्श हमेशा समाज को प्रेरणा देते रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो के विधायक,कार्यकर्ता, समर्थक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version