
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ गुरुवार सुबह से जारी मुठभेड़ में तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में वांटेड नक्सलियों के केंद्रीय कमेटी का सदस्य और एक करोड़ के इनामी सुधाकर उर्फ नर सिंहाचलम ढेर हो गया।
नक्सलियों केंद्रीय समिति के सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर, तेलंगाना राज्य समिति सदस्य बांदी प्रकाश, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य पप्पा राव और कुछ अन्य सशस्त्र नक्सली कैडरों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा की संयुक्त बल को अभियान के लिए रवाना किया गया था। बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में नक्सलियों के साथ गुरुवार सुबह से जारी मुठभेड़ में तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में वांटेड नक्सलियों के केंद्रीय कमेटी का सदस्य सुधाकर उर्फ नर सिंहाचलम के ढेर होने की खबर है। सुधाकर पर एक करोड़ रुपये का इनाम भी घोषित है। सुधाकर के मारे जाने की फिलहाल अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बस्तर आईजी के बयान के संकेतों से यह तय है कि मुठभेड़ में सुधाकर उर्फ नर सिंहाचलम मारा गया है, जिसकी फोटो विश्वस्त सूत्रों से मिली है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में जारी नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता की संभावनाएं हैं। क्षेत्र में सर्च आॅपरेशन अभी भी जारी है। अभियान के परिणामों और तलाशी के दौरान हुई बरामदगी से संबंधित आधिकारिक विवरण उपयुक्त समय पर साझा किया जाएगा।
