
पटना। राजधानी पटना में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का विकास होगा। NDA गठबंधन ही बिहार को विकसित कर सकता है। उन्होंने नीतीश कुमार की विकास योजनाओं की तारीफ की और कहा कि उनके हाथों में बिहार का भविष्य सुरक्षित है। राजनाथ सिंह ने 2 जुलाई को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में ये बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि बिहार का संपूर्ण विकास केवल एनडीए गठबंधन ही कर सकता है। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व को सराहते हुए कहा कि बिहार दिन-प्रतिदिन प्रगति कर रहा है और यही नेतृत्व 2025 के चुनाव में एनडीए का चेहरा होगा।



राजनाथ सिंह का राजद-कांग्रेस पर कड़ा प्रहार
रक्षा मंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस ने बिहार को गर्त में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल दिया और महिलाओं का मान-सम्मान छीना। उन्होंने तंज कसा, ‘लालटेन ने बिहार में रोशनी नहीं, बल्कि घरों में आग लगाई।‘ साथ ही कहा कि अब बिहार को केवल मोदी और नीतीश की जोड़ी ही भविष्य दे सकती है।
मंत्री और डिप्टी सीएम पर कोई उंगली नहीं उठा सकता: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए चैलेंज दे दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि चाहे हमारे बिहार के मुख्यमंत्री हों, उप मुख्यमंत्री हो या मंत्री ही क्यों ना हो, कोई माई का लाल भ्रष्टाचार को लेकर उंगली नहीं उठा सकता है।’ उन्होंने कहा कि हम उन परिवारों तक पहुंचेंगे, जिन्होंने पलायन झेला है, और उन महिलाओं के आंसू पोंछेंगे, जिन्हें अपनों को खोना पड़ा।
बीजेपी कार्यकर्ताओं को बताया परिवर्तन के स्तंभ
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे किसी साधारण पार्टी के नहीं, बल्कि परिवर्तन लाने वाली पार्टी के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ही वह पार्टी है जिसने जनता का खोया विश्वास वापस दिलाया। उन्होंने बिहार की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि पटना विचार और जनक्रांति की भूमि रही है।

