पटना। मुजफ्फरपुर और दरभंगा में मेट्रो चलाने की संभावना को लेकर हुए सर्वेक्षण का काम पूरा हो गया है। राइट्स नाम की एजेंसी ने यह सर्वे किया है। रिपोर्ट बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंप दी गई है। अब राज्य सरकार डीपीआर बनाने का काम शुरू करेगी। उम्मीद है कि 2029 से पहले मुजफ्फरपुर , दरभंगा, गया और भागलपुर में मेट्रो चलने लगेगी।

2029 से पहले बिहार के इन 4 शहरों में दौड़ सकती है मेट्रो

पटना के अलावा चार और शहरों में मेट्रो चलाने की योजना पर काम चल रहा है। ये शहर हैं मुजफ्फरपुर , दरभंगा, गया और भागलपुर। इन शहरों में मेट्रो की संभावना तलाशने के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। राइट्स एजेंसी ने सर्वे की रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंप दी है। अब राज्य सरकार के निर्देश पर विभाग डीपीआर यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाएगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो 2029 से पहले इन चारों शहरों में मेट्रो दौड़ने लगेगी।

सर्वे रिपोर्ट में रूट से लेकर स्टेशन तक की जानकारी

सर्वे रिपोर्ट में बताया गया है कि इन शहरों में मेट्रो का रूट कितना लंबा होगा, कितने स्टेशन बनेंगे, और कहां से कहां तक मेट्रो चलेगी। रिपोर्ट में जमीन की उपलब्धता और उसकी स्थिति को भी ध्यान में रखा गया है। किस इलाके में मेट्रो जमीन के ऊपर (एलिवेटेड) चलेगी और किस इलाके में जमीन के नीचे (अंडरग्राउंड) चलेगी, इसका भी ज़िक्र है। मेट्रो शुरू होने के बाद आम लोगों के आने-जाने पर क्या असर पड़ेगा, यह भी रिपोर्ट में बताया गया है।

दरभंगा की रिपोर्ट में लगा ज्यादा समय

एक अखबार के अनुसार विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मुजफ्फरपुर , गया और भागलपुर की सर्वे रिपोर्ट तो एजेंसी ने काफी पहले ही दे दी थी। लेकिन दरभंगा की रिपोर्ट को अंतिम रूप देने में थोड़ा समय लग गया। जुलाई 2024 में राज्य सरकार की कैबिनेट ने इन चार शहरों में मेट्रो चलाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी थी। इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने राइट्स लिमिटेड को मेट्रो की विस्तृत योजना और वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करने का काम सौंपा। इस काम के लिए राइट्स लिमिटेड को लगभग 7.02 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट नवंबर 2024 तक जमा होनी थी। लेकिन एजेंसी के अनुरोध पर उन्हें तीन महीने का अतिरिक्त समय दिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version