लखनऊ ।18 दिन इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में बिताने के बाद अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अपनी टीम के साथ धरती पर वापस लौट रहे हैं। एक्सिओम मिशन-4 (Axiom-4 mission) पूरा करने के बाद आज (14 जुलाई) को उनकी अंतरिक्ष से विदाई होगी। 15 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे तक उनके वापस लौटने की संभावना है। जहां इस मिशन पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। तो शुभांशु की वापसी का लखनऊ में उनकी फैमिली को भी बेसब्री से इंतजार है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा शुक्ला ने शुभांशु की सुरक्षित वापसी के लिए भोलनाथ से प्रार्थना भी की है।

सोचा नहीं था बेटा ऊंचाईयों को छुएगा- पिता
बेटे की स्पेस से वापसी पर लखनऊ में रहने वाले उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, “हम बहुत उत्साहित हैं और उनके स्वागत के लिए तैयार हैं। अनडॉकिंग आज होगी। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उनका मिशन पूरा हो गया। सभी उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं। हम इसकी तैयारियों में जुटे हैं।”

शंभू बताते हैं कि किस तरह उनके बेटे की वापसी के लिए प्रार्थना करने वे मंदिर गए और घर पर भी पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वे हमें आशीर्वाद दें और यह सुनिश्चित करें कि वह पृथ्वी पर सुरक्षित उतरें। उन्होंने यह भी कहा कि हमें उस पर बहुत गर्व है। हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा इतनी ऊंचाइयों को छुएगा। हम भाग्यशाली हैं कि हमारे घर ऐसा बेटा पैदा हुआ और हम उसके नाम से जाने जाते हैं।

वहीं, जब उनसे सवाल किया गया कि क्या धरती पर वापस लौटने के बाद वो लखनऊ कब वापस आएंगे? इस पर शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, “उनके लखनऊ लौटने को लेकर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। मिशन के बाद, जब उनकी मेडिकल रिपोर्ट आ जाएगी, तब यह साफ होगा कि वह कब आएंगे। हम ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि वह सुरक्षित धरती पर लौट आएं।

मां ने कहा- सुरक्षित वापसी के लिए भोलेनाथ से की प्रार्थना : वहीं, शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा, “हम बहुत उत्साहित हैं। हमें यह जानकर बहुत अच्छा लग रहा है कि हमारा बच्चा 17-18 दिनों बाद वापस आ रहा है। अगर हमारा बस चलता, तो हम उससे मिलने वहां दौड़ पड़ते, लेकिन यह संभव नहीं है।” उन्होंने ये भी कहा कि आज भगवान शिव को समर्पित एक खास दिन है। हम सुबह जल्दी उठे और मंदिर गए। हमने भगवान शिव का अभिषेक किया। हमने भगवान से प्रार्थना की कि हमारा बच्चा सकुशल वापस आ जाए और धरती पर उतरने के बाद उसे कोई नुकसान न पहुंचे।

उन्होंने हमारे देश की अलग खूबसूरती देखी होगी : बहन
शुभांशु की स्पेस से वापसी पर बहन शुचि मिश्रा ने कहा, “आज फिर से हम वही भावनाएं महसूस कर रहे हैं जो उस दिन थीं जब वो मिशन पर गए थे। जब वो वापस आएंगे तो हम खूब जश्न मनाएंगे। हर दिन हम प्रार्थना करते थे और ईश्वर का शुक्रिया अदा करते थे। जब हमने उनसे बात की, तो वो बहुत खुश लग रहे थे। एक पायलट और अब एक अंतरिक्ष यात्री होने के नाते, उन्होंने हमारे देश की अलग ही खूबसूरती देखी होगी और इसमें कोई शक नहीं कि ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’…”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version