रांची। चतरा के लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ को रांची पुलिस ने सोमवार को विधानसभा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। सौरभ रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ के छात्र हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उनके अपनी इच्छा से दोस्तों के साथ जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, विधायक जनार्दन पासवान ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे का एमिटी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास से कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। विधायक का आरोप था कि तीन-चार स्कॉर्पियो वाहनों से पहुंचे लोगों ने सौरभ के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए।

विधायक के मुताबिक, घटना के बाद सौरभ का मोबाइल फोन बंद था, जबकि उनकी थार गाड़ी विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर खड़ी मिली थी। सूचना मिलते ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गईं।

पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संभावित रास्तों पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे के भीतर सौरभ को विधानसभा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद पुलिस सौरभ से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है। उसके दोस्तों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सौरभ विश्वविद्यालय से कब और किन परिस्थितियों में निकले और उसके बाद किन लोगों के साथ रहे।

विधायक की ओर से लगाए गए अपहरण और मारपीट के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version