
सारण,। छपरा की विधायक छोटी कुमारी एवं भाजपा जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कुमार साह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छपरा टाउनशिप एवं सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर को वाराणसी मॉडल पर विकसित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। विधायक ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर विधानसभा में बहुमत परीक्षण की सफलता पर बधाई भी दी।



विधायक छोटी कुमारी व पति धर्मेन्द्र कुमार साह ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। विधायक के यहां से जारी विज्ञप्ति के अनुसार छपरा विधानसभा क्षेत्र के रामायण कालीन पौराणिक स्थलों को राम सर्किट एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रमुख मांग रखी गई। विधायक ने कहा कि हनुमान जी का ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान एवं श्रृंगी ऋषि आश्रम जैसे स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं।
शास्त्रों के अनुसार इसी पावन भूमि पर भगवान श्रीराम ने माता अहिल्या का उद्धार किया था। विधायक ने आग्रह किया कि इन स्थलों पर विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं, सुदृढ़ सड़कें और यात्री निवास सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों का विकास न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

