
पटना। बिहार सरकार ने पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इसके विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना-2047 का प्रारूप जारी कर दिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के साथ ही टाउनशिप क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक भी समाप्त कर दी गई है।



विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि बिहार शहरी आयोजना एवं विकास बोर्ड की 14वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। प्रारूप को राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिया गया है और अगले 60 दिनों तक आम नागरिकों एवं संबंधित हितधारकों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त सुझावों पर विचार के बाद विकास योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
नौ प्रखंड और 273 राजस्व ग्राम होंगे शामिल
वर्ष 2047 की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही इस ग्रीनफील्ड टाउनशिप के लिए लगभग 81,730 एकड़ भूमि को विशेष क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इसमें पुनपुन और नौबतपुर नगर पंचायतों के साथ 273 राजस्व ग्राम शामिल हैं। विशेष क्षेत्र में पुनपुन, फतुहा, संपतचक, धनरुआ, नौबतपुर, दनियावां, मसौढ़ी, पटना ग्रामीण और फुलवारीशरीफ प्रखंड शामिल होंगे। वहीं, लगभग 3,008 एकड़ में फैले कोर एरिया में 19 राजस्व ग्राम शामिल किए गए हैं।
रिंग रोड और एक्सप्रेस-वे से मिलेगा बेहतर संपर्क
प्रस्तावित टाउनशिप का सीधा जुड़ाव पटना रिंग रोड (एनएच-131जी) और आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे (एनएच-119डी) से होगा। इससे पटना सिटी, बिहटा, फतुहा सहित दक्षिण और उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक आवागमन अधिक सुगम होगा। इसके अलावा दानापुर रेलवे जंक्शन, तीन रेलवे स्टेशन और सात रेलवे हाल्ट भी इस क्षेत्र को बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेंगे। जट डुमरी जंक्शन के निर्माण का भी प्रस्ताव है।
फतुहा में बनेगा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क
विकास योजना के तहत फतुहा के जैतिया मौजा में लगभग 103 से 105 एकड़ भूमि पर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और आधुनिक परिवहन सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

