
पटना । पटना के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच (PMCH) में मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अक्सर ये शिकायतें आती रही हैं कि डॉक्टर मात्र तीन-चार घंटे की ओपीडी ड्यूटी निपटाकर अपने निजी क्लिनिकों में चले जाते हैं। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने साफ लहजे में हिदायत दी कि अब 4 घंटे की ओपीडी से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और चिकित्सकों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अस्पताल में अनिवार्य रूप से ड्यूटी पर रहने का निर्देश दिया है।
पीएमसीएच में समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने कहा कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति पूरी अवधि के लिए सुनिश्चित की जाएगी।
निर्माण कार्यों का लिया जायजा: स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने पीएमसीएच में चल रही विकास परियोजनाओं का स्पॉट विजिट किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। स्थल निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल प्रशासन और विभागाध्यक्षों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में प्राचार्य डॉ. गीता सिन्हा और अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह की मौजूदगी में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने, बायोमेट्रिक और अन्य व्यवस्थाओं के जरिए चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

