रांची। रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान MS Dhoni के फार्म हाउस में कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया. फार्म हाउस के कर्मचारियों की नजर सांप पर पड़ी. इसके बाद तुरंत स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट को इसकी जानकारी दी गई. सांप निकलने की सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक मौके पर पहुंचे. उन्होंने काफी सावधानी के साथ कोबरा को पकड़ने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद सांप को रेस्क्यू कर लिया गया ।

रेस्क्यू के दौरान कोबरा को हल्की चोट भी आई. इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया. बताया गया कि उपचार के बाद सांप को किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा । रेस्क्यू के दौरान कर्मचारियों और आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी. सभी लोग सांप को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए. घटना के समय फार्म हाउस में धोनी के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इससे किसी तरह की अनहोनी की स्थिति नहीं बनी। सांप के रेस्क्यू होने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली ।

7 एकड़ में फैला है फार्म हाउस : बता दें , महेंद्र सिंह धोनी का यह फार्म हाउस रांची के रिंग रोड के पास स्थित है. इसका नाम ‘कैलाशपति’ है. यह करीब 7 एकड़ में फैला हुआ है। धोनी का यह फार्म हाउस काफी बड़ा और हरियाली से घिरा हुआ है. यहां कई तरह की सुविधाएं मौजूद हैं । फार्म हाउस में बड़ा जिम है। यहां स्विमिंग पूल भी बनाया गया है । इसके अलावा इंडोर स्टेडियम की सुविधा भी है. धोनी की सुपरबाइक्स और कारों के लिए शानदार गैरेज भी मौजूद है। धोनी और उनकी पत्नी साक्षी को पशु-पक्षियों से काफी लगाव है. धोनी के घोड़े चेतक की तस्वीरें और वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं।

फार्म हाउस में होती है जैविक खेती : धोनी के फार्म हाउस के एक बड़े हिस्से में जैविक खेती भी की जाती है । यहां अलग-अलग तरह के फल और सब्जियां उगाई जाती हैं. इनमें तरबूज, पपीता, अमरूद, स्ट्रॉबेरी और टमाटर जैसी फसलें शामिल हैं. बताया जाता है कि इस फार्म हाउस को तैयार होने में करीब तीन साल का समय लगा था। साल 2017 में धोनी अपने परिवार के साथ यहां रहने के लिए आए थे. वहीं धोनी के इस फार्म हाउस को देखने के लिए काफी संख्या में लोग आते हैं। कई बार बार तो धोनी एक झलक पाने के लिए उनके फैन यहां खड़े नजर आते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version