
रांची। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की अगली किस्त की राशि होली से पहले महिला लाभुकों के खाते में हस्तांतरित होगी। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा बताया कि लाभुकों के नामों का सत्यापन हो रहा है। जिन महिलाओं को अब तक योजना का लाभ मिल रहा है, उनमें से कुछ वास्तव में पात्रता की शर्तों को पूरा नहीं करतीं। ऐसे मामलों की पहचान कर अपात्र नामों को सूची से हटाया जाएगा तथा उनकी जगह पात्र महिलाओं को जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।
जिन लाभुकों को 17वीं और 18वीं किस्त का भुगतान अभी तक नहीं मिला है, उनके खाते में दोनों किस्तों की राशि एकमुश्त यानी पांच हजार रुपये हस्तांतरित की जाएगी। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शुक्रवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें कुल 6,450 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
इसमें मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन, साइकिल वितरण, प्री- मैट्रिक छात्रवृत्ति, कंबल एवं वस्त्र वितरण, मुख्यमंत्री किशोरी कल्याणार्थ जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए राशि का प्रविधान किया गया है।

