हाजीपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में हुए चर्चित पिता-पुत्र दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी जगदीश राय सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने पहुंची टीम पर उसने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों के घुटने के पास गोली लगी। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग से पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, वाहन में दो गोलियां लगीं। हालांकि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।

गौरतलब है कि रविवार को रजासन गांव में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जगदीश राय और उसके पिता मुरली राय को मुख्य आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान दोनों ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version