
बांका। बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में 5 जुलाई को हुए चर्चित डबल मर्डर केस के मुख्य आरोपी को पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया। हथियार बरामद कराने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का इलाज चल रहा है।
बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने शनिवार को बताया कि दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए विशेष जांच एवं छापेमारी टीम गठित की गई थी। घटना के 72 घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपी सोमनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार की गई छापेमारी में शुक्रवार को मुख्य आरोपी सचिन सिंह को रांची के एक होटल से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सचिन सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उसने बलिया गांव के जंगल में छिपा रखी है। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल के पास जंगल में लेकर पहुंची।
जंगल में पहुंचते ही आरोपी ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल बांका सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) रेफर कर दिया।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि सचिन सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस अब डबल मर्डर की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
