
रांची: टीम इंडिया के कैप्टन कूल रहे महेंद्र सिंह धोनी का आज 43वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर सोशल मीडिया में उन्हें विश करनेवालों का तांता लगा हुआ है। महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में कमाल करते हुए अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 ट्रॉफी जिताई है।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में आईसीसी की तीन बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ICC टी20 वर्ल्ड कप 2007, वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 और ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2013 की ट्रॉफी जीत चुकी है।
धोनी की कप्तानी में इसके अलावा टीम इंडिया साल 2009 में पहली बार टेस्ट में नंबर-1 बनी थी। महेंद्र सिंह धोनी ने 23 दिसंबर 2004 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
महेंद्र सिंह धोनी को साल 2007 में भारत का टी20 कप्तान बनाया गया। महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में युवा खिलाड़ियों के दम पर भारत को साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताया। इसके बाद फिर धोनी ने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा।
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 में फुल टाइम कप्तान का पद संभाला था। जब धोनी ने टीम की कप्तानी संभाली तो उनके पास कई चुनौतियां थी। जैसे कि युवाओं को मौका देना और भविष्य के लिए टीम का निर्माण करना।धोनी ने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए भारतीय टीम को कई ऐतिहासिक पल दिए।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, जहीर खान, वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह जैसे सीनियर क्रिकेटर्स को भी हैंडल किया। इसके अलावा धोनी ने रोहित शर्मा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे भविष्य के स्टार क्रिकेटर्स तैयार किए।
महेंद्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2014 में टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा धोनी ने साल 2017 की शुरुआत में ही वनडे और टी20 कप्तानी को भी उसी अंदाज में अलविदा कहा, जिसके लिए वो जाने जाते हैं।
अगस्त 2020 में महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया। इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी आखिरी बार वर्ल्ड कप 2019 के दौरान खेलते नजर आए थे। महेंद्र सिंह धोनी हालांकि अब भी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं।
