
गुमला। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को क्राइम मीटिंग हुयी। बैठक से पहले सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन पूर्वाह्न 09:00 बजे से 12:00 बजे तक जनता की समस्यायें सुनें। सड़क सुरक्षा हेतु अपने-अपने थाना क्षेत्र में तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पिकर वाहन नहीं चलाने व हेलमेट लगाकर वाहन चलाने हेतु जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जेल से छुटे अपराधकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने कहा कि थाना में आनेवाले जनता के साथ मधुर व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का निदान करें। बालू व चिप्स के अवैध उत्खन्न करने वाले तस्करों व माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का एसपी ने निर्देश दिया। साथ ही मादक पदार्थों के अवैध बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु आवश्यक कदम उठाने का सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया। डायन प्रथा के विरूद्ध अपने-अपने थाना क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह जागरूकता अभियान चलाने पर बैठक में जोर दिया गया। जन शिकायत समाधान कार्यक्रम अंतर्गत प्राप्त लंबित आवेदन पत्रों का त्वरित निष्पादन करने हेतु एसपी ने निर्देश दिया। मानव तस्करी एवं पलायन की रोकथाम हेतु अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आमजनों के बीच जागरूकता अभियान थाना प्रभारियों को चलाने की बात कही गई।
जेजेएमपी व पीएलएफआई एवं झांगुर गुट जैसे प्रतिबंधित संगठनों के संबंध में अधिक से अधिक सूचनाओं का संकलन कर वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के संबंध में निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने थाना क्षेत्र में हत्या, बलात्कार, अपहरण व अप्राकृतिक मौत के मामलों में अविलंब प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित गति से अनुसंधान करने के संबंध में निर्देश दिया गया। गोष्ठी में लंबित कुर्की, गैर तामिला वारंट व अन्य वारंट एवं न्यायालय द्वारा निर्गत स्थाई वारंट का निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
