
छपरा । बिहार पुलिस शराब के अवैध धंधे को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस बीच, सारण जिले के मशरक और पानापुर थाना क्षेत्र की सीमा पर रविवार की देर रात शराब माफिया और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक शराब माफिया गोली लगने से घायल हो गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शराब व्यापारियों के खिलाफ पुलिस और मद्य निषेध विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब का बड़ा कारोबारी पानापुर थाना इलाके के मिथवा गांव निवासी सूरज महतो इन दिनों कटिहार में जाकर छिपा है। पुलिस ने इसी सूचना के आधार पर कटिहार पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर छपरा ले आई। रविवार की देर रात पुलिस उसकी निशानदेही पर उसे लेकर शराब की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मशरक-पानापुर बॉर्डर इलाके में पुलिस छापेमारी करने पहुंची। बताया गया कि इस क्रम में आरोपी भागने की कोशिश की और उसके सहयोगियों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।मशरक के पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सुधांशु ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूरज महतो के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए उसे नजदीकी अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद इसे छपरा सदर अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सूरज साह इसके पहले भी अवैध शराब के मामले में कई बार जेल जा चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

