
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक नहीं जलाए जाने पर शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं शीर्ष अदालत ने अधिकारियों के आचरण पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम किया है। अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है।



इसके साथ ही कोर्ट ने शनिवार को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि हर भक्त विवादित जगह पर पास की दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी रखते हुए दीपक जला सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रामण्यम स्वामी मंदिर के ट्रस्टियों को भी निलंबित कर दिया है और हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन एवं वी. पार्थीबन को मंदिर ट्रस्ट का रिसीवर नियुक्त किया है। वे ही कोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए 28 नवंबर को दीपक जलाना सुनिश्चित करेंगे।

