
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर विस्तारित सदन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सकेगा और परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में जताई जा रही आशंकाओं का भी समाधान हो सकता है। नायडू ने परिसीमन का विरोध कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों से सवाल किया कि आखिर उनके पास महिला आरक्षण लागू करने का क्या विकल्प है?



नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायडू ने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक हितों को प्रभावित किए बिना महिलाओं को उनका अधिकार कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की मौजूदा सीटों पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से पुरुषों के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। ऐसे में कुल सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर महिला आरक्षण लागू करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा लंबे समय से लंबित है और अब इसे लागू करने का समय आ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक पहल पर सहमति बनाने की अपील की।

