
पटना । बिहार में राबड़ी बंगला विवाद के बीच सरकार ने लालू परिवार की सुरक्षा में भी कटौती कर दी है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा घटा दी है। पहले लालू यादव और राबड़ी देवी दोनों को सरकार की ओर से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली थी, लेकिन नई समीक्षा के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि लालू यादव लंबे समय से किसी सक्रिय प्रशासनिक या संवैधानिक पद पर नहीं हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है।



हालांकि लालू यादव बिहार के पूर्व सीएम हैं, ऐसे में उन्हें पूर्व सीएम के नाते को जो सुरक्षा मिली है, उसमें उनकी सिक्योरिटी के लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) से 2-8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 2 बॉडीगार्ड, बुलेट प्रूफ कार के साथ पटना जिला बल से स्कार्ट और ड्राइवर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
वहीं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा समीक्षा के बाद अब जो सिक्योरिटी दी गई है, उसमें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) से 2-8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 3 महिला बॉडीगार्ड (सादे लिवास में), पटना जिला बल से 3 बॉडीगार्ड (वर्दीधारी), ड्राइवर और बुलेट प्रूफ कार के साथ पटना जिला बल से एस्कॉर्ट और पायलट की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।
तेजस्वी यादव की Y प्लस सुरक्षा में कटौती नहीं : हालांकि सरकार ने नेता प्रतिपक्षा तेजस्वी यादव की वाई प्लस सुरक्षा में किसी तरह की कटौती नहीं की गई है। उनकी सुरक्षा को पहले की तरह बरकरार रखा गया है। जबकि उनकी पत्नी राजश्री यादव को एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी की सुरक्षा हटा दी गई है। अब उन्हें केवल एक बॉडीगार्ड मिलेगा। दरअसल, तेज प्रताप यादव वर्तमान में न विधायक हैं और न ही किसी पद पर, ऐसे में पहले से मिली उनकी वाई श्रेणी की सुरक्षा को हटा लिया गया है। लालू यादव की बेटी और राजद सांसद मीसा भारती को तीन सुरक्षाकर्मियों का सुरक्षा कवर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि सुरक्षा समिति ने मौजूदा पद, राजनीतिक गतिविधियों और खुफिया इनपुट के आधार पर फैसला लिया है।

