
पटना। मशहूर यूट्यूबर और टीचर खान सर के खिलाफ पटना पुलिस कभी भी बड़ी कार्रवाई कर सकती है। फैजल खान उर्फ खान सर पर कानून का शिकंजा पूरी तरह कस चुका है और वे किसी भी समय गिरफ्तार किए जा सकते हैं। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में पटना पुलिस ने उन्हें नामजद आरोपी बनाया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले को देखते हुए मुसल्लहपुर स्थित उनके कोचिंग संस्थान के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ाते हुए चौकसी तेज कर दी है।



खान सर की संभावित गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद धीरे-धीरे पुलिस फोर्स की तादाद भी बढ़ने लगी। थोड़ी देर के लिए मौके पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बन गई। हालात को बेकाबू होने से रोकने के लिए कई थानों की पुलिस टीम को मौके पर तैनात किया गया है। पटना पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर छात्रों से अपील की है कि वे कोचिंग सेंटरों की आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर किसी के भी बहकावे में न आएं। पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैदी के साथ भीड़ को शांत कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई हैं।
खान सर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पटना पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है। इस पूरे ऑपरेशन की जिम्मेदारी जिला जांच इकाई को सौंपी गई है, जिसकी टीम किसी भी वक्त खान सर को हिरासत में ले सकती है। हालांकि, पुलिस के इस बड़े पहरे के बीच अभी तक ये पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि खान सर अपने कोचिंग सेंटर के अंदर ही मौजूद हैं या कहीं और चले गए हैं।
2 जून की रात को हुआ था विवाद
दरअसल, ये पूरा मामला 2 जून की रात को हुए एक हिंसक विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि विरोधी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के साथ चल रहे तनाव के दौरान खान सर के दो निजी सुरक्षाकर्मियों (गार्ड्स) ने हवा में फायरिंग की थी। गोलीबारी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों गार्डों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

