जमशेदपुर । भाजपा जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या पुलिस संरक्षण में हुई है। उन्होंने मांग की कि हत्या में शामिल आरोपितों के साथ-साथ घटना स्थल पर मौजूद और अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और सभी दोषियों को कठोरतम दंड, यहां तक कि फांसी की सजा दिलाई जाए।

भानु ने कहा कि बिष्टुपुर में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों ने युवक को खींचकर चाकू मारकर हत्या करना कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को दशार्ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल युवकों को समय पर सुरक्षा और उपचार नहीं मिलने से स्थिति और गंभीर हुई। उन्होंने एसएसपी से पिछले तीन महीनों में हत्या, लूट, चोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं का पूरा आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि जमशेदपुर को औद्योगिक नगरी से अपराध नगरी बनाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध नियंत्रण के बजाय वाहन जांच और वसूली में अधिक व्यस्त है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी और आवश्यकता पड़ने पर जमशेदपुर बंद का भी आह्वान किया जाएगा।

वहीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों को सुरक्षा देना है, लेकिन वर्तमान शासन इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही हत्या, लूट, चापड़बाजी और छिनतई की घटनाओं से जनता में भय का माहौल है और जमशेदपुर की शांतिपूर्ण पहचान धूमिल हो रही है।

वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी लगातार कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाती रही है और जल्द ही प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिलकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version