गिरिडीह : पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय उपचुनाव में झामुमो की संभावित उम्मीदवार कल्पना सोरेन ने मंगलवार को गिरिडीह में गांडेय विधानसभा के सभी क्षेत्रों के झामुमो कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष के समय से आप सभी झामुमो परिवार का हिस्सा हैं, यह देखकर मुझे गौरव महसूस होता है।

उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। संविधान बदलने का षड्यंत्र किया जा रहा है।

परिवार में पिता को बेटे से, भाई को भाई से, चाचा को भतीजे से लड़ाने में भाजपा जुटी हुई है। आप से आग्रह है कि अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को बताइए कि आपके हेमंत सोरेन को कैसे तानाशाही ताकतों ने जानबूझकर जेल में डाला है।

उन्हें यह भी बताइए कि कैसे झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
आज हेमन्त सोरेन भले ही जेल में हैं मगर झारखण्ड का उनका पूरा परिवार उनकी लड़ाई लड़ रहा है।

आप ही उनके आंख, नाक और कान और उनकी ताकत हैं।
आसन्न चुनाव में आप सभी दिशोम गुरु शिबू सोरेन और हेमन्त के हाथ और मजबूत करें।
आप सभी आगामी 21 अप्रैल को रांची में होने वाले उलगुलान न्याय महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उलगुलान का उद्घोष करें और उसकी हुंकार दिल्ली तक पहुंचाने का काम करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा झामुमो को तोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है। पर न झामुमो टूटेगा और न रूकेगा। झामुमो सांप्रदायिक ताकतों का मजबूती के साथ मुकाबला करेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version