रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा संयुक्त परीक्षा-2025 के तहत इसकी प्रारंभिक परीक्षा 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। कार्मिक विभाग द्वारा अधिकतम आयु सीमा की गणना के कट आफ डेट में संशोधन के बाद आयोग ने गुरुवार को इसकी सूचना प्रकाशित कर दी।

साथ ही आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की तिथि भी बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी नौ मार्च शाम पांच बजे तक वन टाइम रजिस्ट्रेशन के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन की तिथि 20 फरवरी को खत्म हो गई थी।

आयोग के अनुसार, पूर्व में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। झारखंड हाई कोर्ट में विभिन्न याचिका दाखिल करनेवाले अभ्यर्थी भी ऑनलाइन आवेदन निर्धारित तिथि तक कर सकते हैं।

आयोग द्वारा प्रकाशित कार्यक्रम के तहत परीक्षा शुल्क का भुगतान 10 मार्च तक हो सकता है। प्रारंभिक परीक्षा का मॉडल उत्तर 13 अप्रैल को जारी होगा तथा 22 अप्रैल पर उसपर आपत्तियां ली जाएंगी। इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा।

बताते चलें कि अभ्यर्थियों की मांग पर कार्मिक विभाग ने अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2022 से करने का निर्णय किया है। वहीं, न्यूनतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2026 से की जाएगी। पूर्व में आयोग द्वारा जारी विज्ञापन में अधिकतम आयु सीमा की गणना की तिथि एक अगस्त 2026 की गई थी।

अभ्यर्थी इसका यह कहते हुए विरोध कर रहे थे कि पिछली सिविल सेवा परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2017 से की गई थी। इस आधार पर अभ्यर्थी अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2018 से करने की मांग कर रहे थे।

हालांकि, राज्य सरकार ने अधिकतम आयु सीमा में छूट देते हुए इसकी गणना एक अगस्त 2022 से करने का निर्णय किया। यह परीक्षा विभिन्न सेवाओं में कुल 103 पदों के लिए हो रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version