रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में जनसभा की। रघुवर दास ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पार्टी एक समुदाय का वोट लेने के लिए एड़ी चोटी एक कर रखी हैं। एक दूसरे से लड़ रहे हैं। राज्य के लिए तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ वाली कहावत चरितार्थ कर रहे हैं। झामुमो, कांग्रेस और राजद इस राज्य को विनाश की ओर ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 3 वर्ष से नगर निकाय चुनाव नहीं हुए, जिससे इस राज्य को 5100 करोड़ का नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार शहरी क्षेत्र में विकास के लिए प्रत्येक वर्ष 1700 करोड देता है। निकाय चुनाव नहीं होने के कारण यह राशि झारखंड को नहीं मिल पाई। पिछले 6 वर्षों के दौरान झारखंड में कोई कार्य नहीं हुआ इसीलिए सरकार हार के डर से निकाय चुनाव से भाग रही थी। उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन का भी असर रहा।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे राज्य में व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। किसान, युवा, महिलाएं सभी इस सरकार से त्रस्त हैं। 18 से 50 वर्ष की सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना देने की घोषणा करने वाली सरकार अब शर्तों के साथ लाभ दे रही है। इस उम्र की महिलाओं की संख्या 70 लाख है, लेकिन अधिकतर महिलाओं को लाभ से वंचित कर दिया गया है। ऐसी महिलाएं प्रखंड और अंचल का चक्कर लगा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर में मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन किसी राजनीतिक दल का एजेंट ना बने, इस पर हमारा संगठन निगाह रखे हुए हैं। प्रशासन संवैधानिक तरीके से अपनी जिम्मेदारी को निभाए। अगर कोई गड़बड़ी या किसी दल से प्रभावित होकर कोई कार्य करते हैं और दोषी चाहे आइएएस, आईपीएस अधिकारी हो या अन्य पदाधिकारी उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version