
रांची। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को चंडीगढ़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रथम इंटरनेशनल इनविटेशनल रिले और तीसरी नेशनल ओपन रिले प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीता है। इसमें खिलाडियों ने मुख्य रूप से एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के कोच सह टीम मैनेजर आशु भाटिया ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि रिले प्रतियोगिता में 4 गुणा 100 मीटर मिक्स रिले में शिव कुमार सोरेन, अरसान अली, पूनम कुमारी और आकांशा कुमारी की टीम ने 44.95 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में बीएसएफ ने 45.23 सेकेंड और असम ने 45.94 सेकेंड के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
वहीं 4 गुणा 100 मीटर पुरुष रिले में शिव कुमार सोरेन, अरसान अली, दीपक टोप्पो और सदानंद कुमार की टीम ने 41.10 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में उड़ीसा ने 40.47 सेकेंड के साथ स्वर्ण और तमिलनाडु ने 40.51 सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया।
इसके अलावा 4 गुणा 400 मीटर महिला रिले में आकांशा कुमारी, पूनम कुमारी, शिवानी कुमारी और आशा किरण बारला की टीम ने 3:57.26 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। जेएसडब्ल्यू ने 3:42.28 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं तामिलनाडू टीम ने 3:51.42 सेकेंंड के साथ रजत पदक जीता।
झारखंड टीम कोच सह टीम मैनेजर आशु भाटिया के नेतृत्व में झारखंड राज्य रिले टीम के इस शानदार प्रदर्शन उपलब्धि पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार, झारखंड एथलेटिक्स संघ प्लानिंग कमिटी के चेयरमेन डॉ मधुकांत पाठक, जेएए के अध्यक्ष सीडी सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

