रांची। झारखंड में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्कूलों को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश के विरोध के बाद झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने संशोधित आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत अब रक्षाबंधन के दिन स्कूलों में अवकाश रहेगा और खेल दिवस से जुड़ी गतिविधियां एक दिन पहले यानी 27 अगस्त को आयोजित की जाएंगी।

इससे पहले 28 अगस्त (रक्षाबंधन) और 30 अगस्त (रविवार) को स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए थे, जिसका झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ और अन्य शिक्षक संगठनों ने कड़ा विरोध किया था। संघों का तर्क था कि रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक और सामाजिक महत्व वाले पर्व पर स्कूल खोलने से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों की भावनाएं आहत होंगी। शिक्षकों के इस व्यापक विरोध और बढ़ते दबाव के बाद शिक्षा विभाग ने अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए रक्षाबंधन के दिन अवकाश बरकरार रखा है और खेल गतिविधियों की तारीख में संशोधन कर दिया है।

28 अगस्त को अवकाश घोषित किए जाने के निर्णय का झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ तथा झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा ने स्वागत किया है। शिक्षकों का कहना है कि महत्वपूर्ण पर्व-त्योहारों की गरिमा, सामाजिक परंपराओं तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ही स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version