रांची। झारखंड बंद के एलान के बाद रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है। भाजपा की ओर से छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बंद का आह्वान किया गया है। बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।वहीं बच्चों की सुरक्षा और उन्हें संभावित प्रदर्शन एवं जाम से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए कई स्कूल प्रबंधन ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।खासकर सीबीएसई स्कूलों की ओर से छुट्टी की घोषणा की जा चुकी है. वहीं, देर रात तक शहर के अन्य स्कूलों की ओर से भी छुट्टी को लेकर सूचना जारी किए जाने की संभावना है। हालांकि सभी स्कूलों की ओर से एक समान निर्णय नहीं लिया गया है और कई स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

रांची पुलिस की नजर खास तौर पर जयपाल सिंह स्टेडियम में मौजूद छात्रों पर भी है। पुलिस को आशंका है कि बंद के दौरान छात्र आंदोलन को लेकर शहर में कहीं भी स्थिति बिगड़ सकती है। इसे देखते हुए जयपाल सिंह स्टेडियम से लेकर विधानसभा तक सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

पुलिस की कोशिश है कि बंद के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य रहे और सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों के संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आए। किसी भी स्थान पर भीड़ जुटने या प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है।

पूरी गतिविधि पर रखी जाएगी नजर : रांची पुलिस की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सिटी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी संवेदनशील इलाकों और भीड़ वाले स्थानों की निगरानी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति की समीक्षा करने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। बंद को देखते हुए रांची में करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें जिला पुलिस के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल भी शामिल रहेगा।

शांतिभंग करने पर होगी कार्रवाई : पुलिसकर्मियों की तैनाती इस तरह की गई है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बल पहुंचाया जा सके। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मानिटरिंग रांची के एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं। अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version