रांची। झारखंड चेंबर और चीन निवेश और व्यापार को लेकर सहयोग को और अधिक बढाएंगे। इसे लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से मंगलवार को चेंबर भवन में चीन के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूत शू वेई ने मुलाकात की। इस दौरान चेंबर के अध्यक्ष आदित्या मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान चीन के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूत शू वेईके साथ बाई एन और ली शुयुए भी मौजूद थे।

बैठक में झारखंड और चीन के बीच व्यापार, निवेश और उद्योगों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने माना कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में काफी संभावनाएं हैं।

वहीं झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से बताया गया कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां इस्पात, खनन और इंजीनियरिंग के बड़े उद्योग हैं। साथ ही, राज्य की अच्छी लोकेशन और बंदरगाहों के पास होने से निवेश के लिए यह एक अच्छा स्थान है।

इस अवसर पर खनन में वैल्यू एडिशन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, फूड प्रोसेसिंग, कृषि और नई ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में काम करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। मौके पर झारखंड चेंबर ने चीन में एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने का प्रस्ताव भी रखा ताकि वहां के उद्योगों से सीधा संपर्क किया जा सके और अंतरराष्ट्रीय मेलों में भाग लिया जा सके। महावाणिज्य दूत ने झारखंड के साथ व्यापार बढ़ाने में रुचि दिखाई और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

वहीं चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने झारखंड में निवेश की असीम संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बैठक अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अच्छा कदम है। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड चेंबर की ओर से राज्य में व्यापार और निवेश के नए अवसर लाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

बैठक में दोनों पक्षों ने आगे भी संपर्क बनाए रखने और साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई। झारखंड चेंबर अध्यक्ष ने झारखंड को एक बेहतर निवेश गंतव्य बनाने के अपने संकल्प को दोहराया।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और सदस्य अरुण जोशी सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version