
धनबाद। एक केस के सिलसिले एम शुक्रवार को धनबाद न्यायालय पहुंचे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो ने जेपीएससी परीक्षा विवाद और छात्र आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से छात्रों के आंदोलन के साथ रही है और भविष्य में भी समर्थन जारी रहेगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र आंदोलन को गैर-राजनीतिक रखना चाहते हैं, इसलिए उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए पार्टी फिलहाल अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग कर रही है।



जयराम महतो ने कहा कि जेपीएससी अभ्यर्थियों के मुद्दे पर वे राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके हस्तक्षेप के बाद ही मामले में कार्रवाई शुरू हुई। उन्होंने कहा कि जिस दिन छात्र खुलकर उन्हें आंदोलन में शामिल होने के लिए बुलाएंगे, वे राजधानी रांची में मंच से उनके साथ खड़े नजर आएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जयराम महतो ने देश और राज्य में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य और देश के विकास पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेपर लीक कराने वाले गिरोह, एजेंसियों और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, उनकी संपत्ति जब्त की जाए और ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र आंदोलन को गैर-राजनीतिक रखना चाहते हैं और उनकी पार्टी इस निर्णय का सम्मान करती है। इसलिए जेएलकेएम प्रत्यक्ष रूप से मंच पर नहीं जा रही, बल्कि छात्रों के अनुरोध पर अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग कर रही है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के कई पदाधिकारी स्वयं छात्र और अभ्यर्थी हैं, इसलिए वे व्यक्तिगत रूप से आंदोलन में शामिल हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कोचिंग संचालक और भाजपा समर्थित लोग जेएलकेएम पर बेबुनियाद आरोप लगाकर आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

