
दुबई। इजरायल ने शुक्रवार की तड़के सुबह ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला किया। इन हमलों में ईरान के कई टॉप कमांडर और 6 परमाणु साइंटिस्ट मारे गए। इजरायल का दावा है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब पहुंच चुका है और इसलिए यह हमला जरूरी था। इजरायल के हमले में एयरोस्पेस फोर्स कमांडर आमिर अली हाजीजादेह की भी मौत हो गई है। इसके अलावा आईआरजीसी के कमांडर-इन-चीफ होसैन सलामी ने भी हमले में अपनी जान गंवाई है।
तेहरान में 78 लोगों की मौत : ईरान के न्यूज चैनल में दावा किया जा रहा है कि इजरायल ने तेहरान के रिहायशी इलाकों पर हमला किया, जिसमें 78 लोगों की जान चली गई और 329 लोग घायल हो गए हैं। ईरान का कहना है कि वह इजरायल के कायरतापूर्ण हमले का वह पूरी ताकत से जवाब देगा। इजरायल के हमले में ईरान के परमाणु वैज्ञानिक फेरेदून अब्बासी-दावानी और मोहम्मद मेहदी तेहरानची मारे गए। अब्बासी ने 2011 से 2013 तक ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख के रूप में कार्य किया। वहीं तेहरानची ईरान के इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी के प्रमुख थे।
इसके अलावा चार अन्य वैज्ञानिक अब्दोलहामिद मनौचेहर, अहमद रजा जोल्फागरी, अमीरहुसैन फेघी और मोतालिबिजादेह की भी मौत हो गई। वहीं आईआरजीसी के पूर्व कमांडर मेजर जनरल बाघेरी की मौत हुई है। वह 2016 से ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ आॅफ स्टाफ थे।
