
रांची। न्यू अशोक नगर स्थित सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। योग केवल व्यायाम नहीं, आत्मा और शरीर के बीच का एक गहरा संवाद है।




विद्यालय की योग शिक्षिका आस्था के मार्गदर्शन में छात्रों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन और प्राणायाम जैसी आसनों में भाग लिया। योगाभ्यास में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विद्यालय के निदेशक डॉ. दीपक कुमार सिन्हा ने छात्रों को संबोधित करते हुए योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की चर्चा करते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार जिÞंदगी में योग हमारे जीवन में संतुलन और अनुशासन लाने का सशक्त माध्यम है। इससे जहाँ एक ओर हमारा शरीर निरोग रहता है तो दूसरे ओर इससे हमारा मन एकाग्र होता है।
प्रधानाध्यापिका श्रावणी पांडे ने कहा कि योग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। इसलिए विद्यालय में प्रतिदिन योग की नियमित कक्षाएं आयोजित की जाती हैं ताकि बच्चों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके।
योग के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश देने का काम किया कि योग न केवल एक दिन का उत्सव है, बल्कि यह एक जीवनशैली है, जिसे अपनाकर हम स्वस्थ और सफल जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं।

