
पटना। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गया के भू-माफिया सुरेन्द्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव, उनकी प्रखंड प्रमुख पत्नी सुनीता देवी, अन्य परिजन और गिरोह के सदस्यों के बिहार-झारखंड के दस ठिकानों पर छापामारी की। इसमें कुल 73.50 लाख रुपये नकद, जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 106 निबंधन दस्तावेज, 51 एग्रीमेंट, 38 बैंक खातों के कागजात और जेवर खरीदने की रसीदें मिली हैं। जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई है, जिनका वास्तविक मूल्यांकन किया जा रहा है। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है। ईओयू के अनुसार, भगत यादव एवं उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर करीब ढाई हजार कट्ठा (7790 डिसमिल) जमीन, फ्लैट एवं मकान होने के साक्ष्य मिले हैं।पिछले 15-16 सालों में 67 निबंधित दस्तावेजों के माध्यम से यह अचल संपत्ति अर्जित की गई है। इसका निबंधन मूल्य 15 करोड़ रुपये है, जबकि सर्किल रेट इससे कई गुना ज्यादा है।



बिहार-झारखंड के दस ठिकानों पर छापामारी
गया के शेरघाटी में ही एक बहुमूल्य भू-खंड पाया गया है, जिसका सरकारी मूल्य 28 करोड़ रुपये है, मगर इसे मात्र डेढ़ करोड़ रुपये में निबंधित कराया गया है। गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा में हुई इस छापामारी के दौरान भगत यादव, बेटे आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और सहयोगी रौशन राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुनीता देवी पिछले दस वर्षों से गया की डोभी की प्रखंड प्रमुख है। आरोप है कि भगत यादव और उनका गिरोह डरा-धमकाकर और आपराधिक षड्यंत्र रचकर जमीन-मकान पर कब्जा करता था।
भगत यादव पर हत्या समेत 25 मामले दर्ज : ईओयू के सत्यापन में भगत यादव के विरुद्ध वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो, रांची और अन्य स्थानों पर कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, रंगदारी, अपहरण, लूट, लूट की योजना, लोक सेवकों पर हमला, आर्म्स एक्ट और जमीन कब्जाने से जुड़े मामले शामिल हैं।
गिरोह में आर्यन कुमार, उपेंद्र कुमार शर्मा, रौशन राज, सुरेन्द्र यादव, अरुण कुमार सिंह, प्रेमचन्द्र सिंह और शक्ति कुमार समेत कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से कई के खिलाफ गया जिले में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकांश मामलों में न्यायालय संज्ञान ले चुका है।

