
पटना। बिहार में हवाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2030-31 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनकर तैयार हो जाएंगे। वहीं, अगले तीन से चार वर्षों में पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल एयरपोर्ट के विकास का काम भी पूरा करने का लक्ष्य है। रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा के पास बड़ा हवाई अड्डा बनाया जाएगा। यह जानकारी सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को सूचना भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।



उन्होंने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उन्नयन का काम पूरा हो चुका है। दरभंगा में नया टर्मिनल और 3700 मीटर लंबा रनवे बनाया जा रहा है। टर्मिनल का निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। यहां कार्गो हब बनाने के लिए भी जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास के लिए 67.18 एकड़ जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंपी गई है। यहां 294.05 करोड़ रुपये से सिविल एन्क्लेव बनाया जा रहा है। साथ ही कार्गो कांप्लेक्स और एयरोसिटी के निर्माण के लिए 567 एकड़ जमीन अधिग्रहण करने की योजना है। इस पर करीब 290 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
घने कोहरे और कम दृश्यता में भी उतरेंगे विमान : देवरे के अनुसार गया एयरपोर्ट पर सीएटी-1 लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इस सुविधा से घने कोहरे और कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होगी। जबकि उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा एयरपोर्ट का विकास किया जाएगा। रक्सौल में 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। यहां डीपीआर तैयार की जा रही है।
टर्मिनल और रनवे का निर्माण शुरू
उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट पर टर्मिनल और रनवे का निर्माण शुरू हो गया है। वाल्मीकिनगर में टर्मिनल पर 27.15 करोड़ और रनवे पर 23.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है।

