पटना। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार सह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी जाह्वी दास 197 करोड़ से अधिक चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र में उन्होंने अपनी व परिवार की कुल चल-अचल संपत्ति घोषित की है। इसके अनुसार, प्रशांत किशोर के पास 22 करोड़ 19 लाख 74 हजार 976 रुपये की चल और 73 लाख 87 हजार की अचल संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी के पास 89 करोड़ 51 लाख 67 हजार 249 रुपये की चल और 12 करोड़ 42 लाख की अचल संपत्ति है।

बेटे दैविक भारद्वाज के खाते में सात लाख 19 हजार 281 रुपये हैं। प्रशांत किशोर पर बैंक का 5.77 करोड़ रुपये का ऋण है। वहीं, पत्नी पर 55.38 लाख रुपये की देनदारी है। इसमें 50 लाख का व्यक्तिगत ऋण और 5.38 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि शामिल है।प्रशांत किशोर पर पर विभिन्न थानों में आठ आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें गांधी मैदान, सचिवालय, पीरबहोर, सहरसा सदर थाना, बेतिया व पश्चिम मुजफ्फरपुर की अदालतों में दर्ज आपराधिक परिवाद शामिल हैं। किसी भी मामले में अभी आरोप तय नहीं हुए हैं और किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। कुछ मामलों में उन्होंने पटना हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की है।

कितने पढ़े-लिखे हैं ? : उनकी सर्वोच्च शैक्षणिक योग्यता हेल्थकेयर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री (एमएचए) है। पेशे में उन्होंने खुद को पॉलिटिकल एडवाइजर एंड कंसलटेंट बताया है, जबकि पत्नी को एमबीबीएस चिकित्सक व अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल नई दिल्ली में सीनियर एडवाइजर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) बताया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version