
पटना । बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना में 10 सर्कुलर रोड वाले सरकारी बंगले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सम्राट सरकार ने बंगला मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया है। वहीं बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड वाला आवंटित कर दिया है। इसके बावजूद राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले को खाली करने से इनकार दिया। राबड़ी देवी के इस रुख पर अब जेडीयू की प्रतिक्रिया आई है। जेडीयू ने राबड़ी देवी से सवाल करते हुए पूछा कि एक घर के लिए इतनी बेचैनी क्यों है? क्या 10 नंबर में कोई खजाना गड़ा है?
10 सर्कुलर रोड वाले राबड़ी आवास को लेकर जेडीयू एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने राजद और राबड़ी देवी पर निशान साधते हुए सवाल किया है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने लालू परिवार को संपत्ति को गिनाते हुए कहा कि राबड़ी देवी के पास पटना में 43 बीघा जमीन है। कौटिल्य नगर में मकान है। महुआ बाग में ‘किला’ बना है। फिर राबड़ी देवी को एक घर के लिए इतनी बेचैनी क्यों है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास किसी गरीब को मिल जाए, इसके लिए राबड़ी देवी लड़ती तो कोई बात थी, लेकिन राबड़ी देवी गलत लड़ाई लड़ रही हैं।
नीरज कुमार ने कहा कि आज आज हम लोगों का मकान बदल दिया जाए तो हम लोग तुरंत हट जाएंगे। हम चुनाव जीतेंगे तो सरकारी आवास में रहेंगे, नहीं तो सरकारी आवास को खाली करके घर चले जाएंगे। जो नियम कानून है, वो सबके लिए समान है। वहीं नीतीश कुमार के आवास पर राजद की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी जेडीयू प्रवक्ता ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को उच्च स्तरीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर और सुरक्षा संबंधी मानक के आधार पर ‘माननीय संजय गांधी निवास’ का आवंटन किया गया है, वो इसी वजह से वहां रह रहे हैं।
किस हैसियत से राबड़ी आवास में रह रहे तेजस्वी
नीरज कुमार ने कहा कि अगर हम सवाल करें कि तेजस्वी यादव, राबड़ी आवास में क्यों रह रहे हैं। तो राजद क्या जवाब देगा। 43 बीघा पटना में जमीन है, फिर भी एक मकान के लिए जान दे रहे हैं। राबड़ी देवी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा है, और कैबिनेट मंत्री के दर्जे के अनुसार ही उनको आवास का आवंटन हुआ है। फिर भी वो 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले में जमे रहना चाहती हैं, ये पूरी तरह अनुचित है।
