
रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। पलामू और गढ़वा को छोड़कर अन्य जिलों में तेज हवा के साथ बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रांची और बोकारो में मूसलाधार बारिश हुई। रांची के कई हिस्सों में आंधी के साथ बारिश के बीच कई विशालकाय वृक्ष जमीन पर धराशायी हो गए। हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे से अधिक रही। इतनी तेज हवा के बीच मोबाइल टावर तक जमीन पर जा गिरे। बिजली के तार पर पेड़ों के गिरने से बिजली गुल हो गई। बारिश के चलते जाम पड़े नालों की गंदगी सड़कों पर बहने लगी। सड़क पर घुटने भर पानी से लोगों को परेशानी हुई।



वहीं, पलामू का मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री पहुंच गया जो कि राज्य में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों के दौरान भी मौसम बदलाव के साथ तेज हवा के साथ बारिश और कहीं कहीं बिजली गिरने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में गढ़वा और पलामू को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों पर बादल छाने के साथ बारिश हुई। जबकि बोकारो में 15.8 मिमी और रांची में 9.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि गुमला, कोडरमा और पश्चिमी सिंहभूम में हल्की बारिश हुई।
विभाग के मुताबिक राज्य में अगले चार दिनों के दौरान पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला आदि जिलों में मौसम साफ रह सकता है। इससे गर्मी बढ़ सकती है। जबकि रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और तेज हवा के साथ बारिश होगी। इस दौरान पलामू, चतरा, गढ़वा आदि जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
वहीं रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान 37.0 डिग्री से कम है। इसमें भी लातेहार का अधिकतम सबसे कम 31.9 डिग्री और गुमला का तापमान 36.5 डिग्री है। जबकि रांची का तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से करीब पांच डिग्री कम है। राज्य में पलामू को छोड़कर अधिकांश जिलों का तापमान सामान्य से कम चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन से मणिपुर तक कायम ट्रफ छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रहा है। इससे झारखंड में मौसम बदलाव की संभावना है।

