
चंडीगढ़ । नायब सिंह सैनी ही हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे। बुधवार को सर्वसम्मति से उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी नेतृत्व के फैसले के बारे में सभी विधायकों को अवगत करवाया। पूर्व मंत्री व नरवाना के विधायक कृष्ण कुमार बेदी ने नायब सिंह सैनी के नाम का प्रस्ताव बैठक में रखा। राज्य के पूर्व गृह मंत्री व अम्बाला कैंट के विधायक अनिल विज ने उनके नाम का अनुमोदन किया। भाजपा ने कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा हलके से विधायक बने सैनी को ही मुख्यमंत्री का चेहरा प्रोजेक्ट करके विधानसभा चुनाव लड़ा था।
विधायक दल की बैठक के बाद सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात कर 51 विधायकाें के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया। इनमें 48 विधायक भाजपा के हैं। तीन निर्दलीय विधायकों- सावित्री जिंदल, राजेश जून और देवेंद्र सिंह कादियान ने भी राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा। अब राज्यपाल बृहस्पतिवार को पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में नायब सिंह सैनी और मंत्रियों को शपथ ग्रहण करवाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, मनोहर लाल समेत कई केंद्रीय मंत्री और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा व एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा। प्रशासन की ओर से इस आयोजन को भव्य व यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के दौरान अमित शाह, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत सिंह, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब, हरियाणा मामलों के प्रभारी सतीश पूनिया सहित कई वरिष्ठ नेता भी सैनी के साथ मौजूद रहे।
